छह साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी के घर को पुलिस ने सील कर दिया
औरास (उन्नाव)

Unnao News: पुलिस ने सील किया आरोपी का घर, देर रात दफनाया बच्ची का शव
औरास (उन्नाव)। छह साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी के घर को पुलिस ने सील कर दिया। वहीं, गोड़े में रखा छप्पर भी गिरवा दिया। इससे परिजन शांत हुए और शनिवार रात 11 बजे बच्ची का शव दफनाया। वहीं, सीओ ने पीड़िता के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
औरास थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी छह साल की बच्ची गुरुवार रात घर के पास ही अहाते में सो रहे बाबा को पानी देने के दौरान लापता हो गई थी। शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे उसका शव घर से 600 मीटर दूरमाइनर में मिला था। जांच में बच्ची के चचेरे भाई रविशंकर उर्फ रावेंद्र पर दुष्कर्म के बाद हत्या की बात सामने आने पर पुलिस ने उसी रात मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया था। परिजन भी शांत थे।
शनिवार शाम खेत में शव दफन होने से पहले ही कुछ लोगों ने पीड़ित परिजनों को भड़का दिया, इससे वह आक्रोशित हो गए थे और हत्यारोपी को खुद को सौंपने के साथ उसके घर को गिराने की मांग कर एक्सप्रेसवे पर शव रख जाम लगाया था। यही नहीं आरोपी के घर पर पथराव भी किया था। सीओ बांगरमऊ अरविंद चौरसिया के काफी प्रयास के बाद परिजन शांत हुए थे।
पुलिस ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी के घर को एसडीएम प्रज्ञा पांडेय की मौजूदगी में सील कर दिया था। सीओ ने बताया कि आरोपी ने दुष्कर्म के बाद घर में जाकर नहाया था। उसके कपड़े वहीं रखे हुए हैं, वह जांच के लिए भेजे जाएंगे। उसमें छेड़छाड़ न हो इसलिए घर को सील कर दिया गया है।
गोड़े में रखा छप्पर भी पुलिस ने गिरवा दिया, तब जाकर परिजन शांत हुए और रात 11 बजे खेत में खोदे गए गड्ढे में शव दफन करा दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात होने के बाद गश्त भी कर रही है। रविवार को मृतक बच्ची के घर के बाहर एक दरोगा व चार सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। दोपहर बाद फिर गांव पहुंचे सीओ ने पीड़ित परिवार से बात की और फोर्स के साथ जाकर घटनास्थल का नक्शा तैयार किया है।
सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। गांव की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। यही नहीं, आरोपी के घर के बाहर भी दो सिपाही तैनात हैं। पीड़िता के परिवार से मिल हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है।
—
पिता बोला आरोपी ने बोला झूठ नहीं है चचेरा भाई, रिश्ते कर रहा कलंकित
मासूम बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना में आरोपी ने अपने को मृतका का चचेरा भाई बताया था। मृतका के पिता को इसका पता चलने पर उसने बताया कि वह झूठ बोल रहा है। आरोपी से उसका कोई दूर-दूर तक रिश्ता नहीं है। यहां तक कि वह इस गांव का पहले रहने वाला भी नहीं था, बाद में आकर बसे हैं। आरोपी भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर रहा है। कहा कि जिला प्रशासन से जो मांग रखी है उन पर जल्द से जल्द सुनवाई हो। बाकी पुलिस की कार्रवाई से वह संतुष्ट हैं